Skip to main content

कहानी - 'नुक्कड़ का फ़क़ीर' (Short Story: Nukkad Ka Fakir)

"पूजता हूँ कभी बुत को कभी पढ़ता हूँ नमाज़, मेरा मज़हब कोई हिन्दू न मुसलमाँ समझा" 

                                                        - मातम फ़ज़ल मोहम्मद


कुछ रोज़ से ये नुक्कड़ का फ़क़ीर दिखाई नहीं दिया, जाने कहाँ चला गया है ! वैसे पहले मुझे कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता था कि वो है भी या नहीं भला हमारी ज़िन्दगी में तक़लीफ़ें कम हैं जो हम किसी और का पूछने चलें ? जिए या मरे हमें क्या। खाये या भूखा रहे किसको फ़र्क़ पड़ता है ? हमें भी तो अपनी ज़िन्दगी देखनी है, ऐसे फ़क़ीर जाने कितने हैं। संजू जब स्कूल से लौटता है तो मेरी पत्नी संध्या उसे लेने बस स्टॉप पर जाती है। उस दिन जब संध्या बस स्टॉप तक पहुँचने में लेट हो गई तो उस फ़क़ीर ने संजू को घर तक छोड़ दिआ। संध्या तो उस दिन डर ही गई थी, जाने कैसे फटे-पुराने कपड़े पहना था। सुना है ऐसे लोग बड़े चोर होते हैं। मैंने भी संध्या की लापरवाही पे खूब डाँट लगा दी थी। धीरे-धीरे उस फ़क़ीर को देखने की आदत सी हो गई। यहीं  मेरे  घर से बीस क़दम दूर ही तो है नुक्कड़ जहाँ पीपल के तले दिख जाता था अक्सर। ऑफिस से आते-जाते अकसर देखता था मैं उसे। उस दिन सुबह-सुबह मुझे देख कर मुस्कुरा दिया, मानो बरसों से जानता हो मुझे। थोड़ा अजीब लगा था मुझे पर दफ़्तर में  वो दिन अच्छा बीता। पूरे दिन उसका हँसता हुआ चेहरा ही ध्यान आता रहा था। शाम को लौटते हुए उसे देखकर मैं भी मुस्कुरा दिया था। 

भला मानस था बेचारा। ऐसा सिर्फ मैं नहीं कहता, सब कहने लगे थे। शाम को कभी-कभी क़ुरान की आयतें गुनगुनाता तो कभी राम-चरित-मानस का पाठ करने लगता। ऐसे मौकों पर उसके इर्द-गिर्द भीड़ लग जाती। इस भीड़ में कुछ बच्चे होते और कुछ होते मज़हब के जानकार। पर वो बस गुनगुनाता रहता। वैसे हमारे मोहल्ले वाले भी कम दिलदार नहीं हैं | वो चतुर्वेदी जी, वो हिन्दू-सभा वाले, उन्होंने तो उसको तन ढकने के लिए एक केसरी कपड़ा भी दिआ था। बस एक छोटी शर्त रख दी कि अब से वो सिर्फ़ राम चरित मानस का ही पाठ करेगा।

पर दो दिन बाद वो पड़ोस के मोहल्ले से मौलाना साहब भी देखने चले आये थे | चार गज़ फ़ालतू हरा साफा और तन ढकने को कपड़ा देते हुए बोले "तुम लाजवाब हो, मुँहज़बानी सारी आयतें याद हैं | वाह! क्या बात है | आज से तुम्हारे रहने और खाने का खर्च हमारा, बस क़ुरान दोहराते रहना।

लगता था मोहल्ले वाले भी उसको अपना चुके थे। रोटी-पानी दे जाया करते थे। मैं भी संजू  के साथ जाके कभी एक-आधा फल दे आया करता था। बड़े  प्यार से हाथ फेर देता था संजू के सर पे। उस  दिन मैंने पूछ भी लिया अरे बाबा हो क्या ? हैरानी से देखने लगा था मुझे। मुझे लगा समझ नहीं आया इसलिए मैंने दोबारा पूछ लिया "अरे मज़हब क्या है? हिन्दू या मुसलमान?" हँसने लगा।  मुझे तो पागल लगा एकदम से। आसमान की तरफ देखते हुए बोला "इंसान हूँ।" सोचा कह दूँ "इंसान नहीं, पागल हो। हर इंसान का कोई न कोई मज़हब तो होता ही है।" फिर सोचा रहने देता हूँ। ये छोटा आदमी है, सोच भी छोटी ही होगी। 

पर ये पिछले हफ्ते से माहौल थोड़ा ख़राब सा हो गया है। कुछ दंगो जैसी खबरें भी आ रहीं हैं।  मीडिया में भी हर वक़्त यही चलता रहता है। उस दिन मोहल्ले के इसी नुक्कड़ पे बहस भी हो गई थी दो गुटों में। वो तो भला हो फ़क़ीर का जो हाथ जोड़ के बीच-बचाव करने लगा था पर अब भी माहौल नाज़ुक है तभी तो वो हिन्दू-सभा वाले धमका गए थे फ़क़ीर को। "राम-चरित के अलावा कुछ दोहराया तो हर्ज़ाना भुगतना पड़ेगा।"

कोई तो ये भी कह रहा था कि वो पड़ोसी मोहल्ले के कुछ लोग आये थे मौलाना साहब के साथ | साफ़ा छीन के ले गए | कहा "मज़हब गन्दा कर दिया।" दो थप्पड़ भी मारे और जाते-जाते कह गए "देख लेंगे तुझे तो"

उसी दिन से जाने कहाँ गायब है। चला गया होगा कहीं या फिर.... 

इंसानो  के बनाये मुआशरे में भला बेमज़हबी इंसान का क्या काम ! राम-रहीम एक हो जाएँ ये मुमकिन नहीं शायद ! मैंने कहा था न बिना मज़हब के इंसान की क्या पहचान।

- मनीष विश्वास 

Comments

Popular posts from this blog

कोरोना के लक्षण दिखाई दें तो क्या करें? What to do if you have symptoms of corona virus (In Hindi)?

Corona के लक्षण पहचानिये:  कोरोना के मरीज़ों में अलग-अलग तरह के लक्षण दिखाई दे सकते हैं - हल्के लक्षणों से लेकर गंभीर बीमारी तक। वायरस के संपर्क में आने के 2-14 दिन बाद तक लक्षण दिखाई दे सकते हैं। अगर ये लक्षण दिखाई दें तो कोरोना हो सकता है: • बुखार या ठंड लगना • सूखी खांसी • सांस लेने में कठिनाई • थकान व मांसपेशियों या शरीर में दर्द • सरदर्द • स्वाद या गंध महसूस न कर पाना • गले में ख़राश • सीने में कसावट या बहती नाक • उलटी अथवा मितली • दस्त हालाँकि इस सूची में सभी संभावित लक्षण शामिल नहीं हैं। नए लक्षण मिलने पर सम्बंधित सरकारी विभाग इस सूची को update करते जा रहे हैं। अस्वस्थ महसूस करने पर क्या करें ? १. सबसे पहले अपने डॉक्टर से अपने लक्षणों के बारे में बात करें और अगर डॉक्टर सलाह दे तो तुरंत कोरोना जाँच कराएं। २. चिकित्सकीय परामर्श लेने के अलावा किसी भी काम से घर से बाहर न निकलें। ३. कोरोना से संक्रमित अधिकांश लोगों को हल्की बीमारी होती है और वे बिना चिकित्सा देखभाल के घर पर ठीक हो सकते हैं। अगर मामूली तौर पर बीमार हैं तो घर ...

जीवन शैली में छोटे बदलावों के बड़े और सकारात्मक प्रभाव (Positive effects of few small changes in our lifestyle)

हमारा आशियाना , जहां हम रहते हैं अपने अपनों के साथ , दिन भर के काम की थकान के बाद जहाँ आकर हमें सबसे ज़्यादा सुकून मिलता है , जहां पर बिताया हर पल हमारे मन के खली बक्से को खूबसूरत यादों से भर देता है , जिसमे रहने वालों से होता है हमें सबसे ज़्यादा प्यार और जिससे दूर रहने पर रहते हैं हम हर दम बेक़रार। ऐसे आशियाने को हम किसी की नज़र नहीं लगने देता चाहते और चाहते हैं कि हमारा आशियाना हमेशा खुशयों से भरा रहे और इसके लिए हमें सिर्फ इतना सुनिश्चित करना है कि हमारे आशियाने में रहने वाला हर एक सदस्य प्रसन्नचित्त रहे , स्वस्थ रहे। अगर सभी सदस्य healthy & happy होंगे तो हमारे घर का माहौल तो खुद-ब-खुद  खुशनुमा हो जायेगा। इसके लिए हमें अपने जीवन में कुछ बदलाव लाने होंगे। आइये, ऐसे ही कुछ छोटे-छोटे बदलावों के बारे में बात करते हैं जो देखने-सुनने में शायद छोटे लगें पर हमारे जीवन पर बहुत बड़े और सकारात्मक प्रभाव डालते हैं।   दिन की शुरुआत :  सकारात्मक बदलावों के बारे में चर्चा की शुरुआत करते हैं दिन के दिन के पहले काम यानि कि सुबह उठने से। एक दिन में सिर्फ २४ घंटे ही ...

मैं और मेरी अंग्रेजी

मैं और मेरी तन्हाई अक़्सर ये बातें करते हैं कि तुम होतीं तो ऐसा होता, तुम होतीं तो वैसा होता।  लता जी और अमिताभ जी की आवाज़ में गाये हुए एक मशहूर गीत की पंक्तियाँ हैं ये। कुछ दिनों पहले ये पंक्तियाँ मेरे कानों में पड़ीं तो अनायास ही इन पंक्तियों के भावार्थ ने मेरा वो अतीत याद दिला दिया जब मैं हिंदी माध्यम का मेधावी छात्र हुआ करता था (कृपा करके इस बात की पुष्टि के लिए मेरे विद्यालय न जाएँ) और ऊपर से हिंदी भाषा का कट्टर समर्थक पर अंदर ही अंदर अंग्रेजी बोलने और सीखने की इच्छा से ओत-प्रोत। उस समय मैं और मेरी तन्हाई अक़्सर ये बातें करते थे कि काश मैं भी कॉन्वेंट में पढ़ा होता; काश मैं भी फर्राटेदार अंग्रेजी बोल सकता; मैं भी ईंट का जवाब पत्थर से न सही पर अंग्रेजी का जवाब अंग्रेजी में तो दे पता। काश जब भी मुझे अंग्रेजी बोलना होता तो मुझे On लगेगा या Over, So लगाऊँ या Therefore; have been क्यों had been क्यों नहीं जैसे यक्ष प्रश्नों से गुज़रना न पड़ता पर वास्तव में मैं ये बात तन्हाइयों से ही कर पाता था क्योंकि मेरी सुनने वाला और था ही कौन? अपने क्लास में शायद सभी अंधे थे ...