Skip to main content

कहानी - 'सूनापन' (Short Story: Soonapan)

कुछ रोज़ पहले मेरा घर बेहद ख़ामोश हो चला था| न किसी के आने की ख़ुशी न जाने का ग़म और सुबह की ख़ामोशी तो मेरी चाय की तेज़ चुस्कियों से ही टूटती थी या फिर अख़बार के पन्ने पलटने से जो आवाज़ होती है न, वही कमरे और कानों में गूंजती थी बस| जहाँ देखो अजीब सा सूनापन| देहलीज़ लांघ के घर के बहार जाऊँ, उससे भी डर लगता था| किसी अपने को क़रीब से देखे हुए अरसा हो चुका था| वैसे अगर ख़ामोशी अनचाही हो तो उससे बुरा कुछ नहीं| यक़ीन न हो तो ख़ुद से पूछ लो ! ख़ैर, ये कुछ रोज़ पहले की बात थी | 


उस दिन सुबह मेरी आँख खुली तो एक अलग मंज़र देखा| बीते कुछ दिनों की ख़ामोशी एक कबूतर के जोड़े के साथ ख़त्म हुई सी लगती थी  जो मेरी बालकनी में आ बैठा था और  सच कहूँ  तो इनकी गुटर-गूँ  मुझे किसी सुरीले गाने से कम नहीं लग रही थी| ऐसा लगा जैसे अरसे बाद कोई घर आया हो| हाँ हाँ जानता हूँ कबूतर हैं पर १७वी मंज़िल पे रहने वाले इंसान से पूछो, उसे तो हर बोलती चीज़ में ज़िन्दगी दिखेगी | इंसान  हो या परिंदा इस बात से कहाँ फर्क पड़ता है? जाने क्यों उस दिन फीकी चाय भी मीठी सी लगने लगी थी और चाय ही नहीं सच कहूँ तो इन मेहमानो को देख कर मेरे खाने का ज़ायका भी बदल सा गया था। दोपहर होते-होते देखा कि बालकनी में ही उन्होंने घास इकठ्ठा करके एक घोंसले जैसा कुछ बनाया है | आशियाना होगा...चलो कोई तो आया इस वीराने में | मैंने इन मेहमानों के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी | नाराज़  होके चले न जाएँ इसलिए दाने-पानी का इंतज़ाम मैंने बालकनी में ही कर दिया। वाह !  इनकी गुटर-गूँ  में भी क्या सुकून है !  ख़ामोशी कल की बात थी। सूनापन बीती बात थी। 

वैसे मुझे उनके चले जाने का डर ज़रूर था पर सुना है परिंदे कुछ दिन अपने आशियाने में ही रुकते हैं। अपने बच्चों को बड़ा करते हैं और फिर उड़ जाते हैं।  हुआ भी ऐसा। कुछ दिनों में ही मैंने वहाँ एक नन्हा परिंदा देखा, नन्हा कबूतर | किसकी शक्ल पे गया होगा ये कहना मुश्किल है। मुझे  तो सब एक से दिखते हैं। ऐसा लगा जैसे मेरी भी कुछ ज़िम्मेदारी बढ़ गई है। अब हर वक़्त ध्यान जो रखना पड़ता कि दाने पानी में कोई कमी न हो। एक अजीब सा रिश्ता बन चुका था | उन्हें भी मुझसे कोई ऐतराज़ नहीं था शायद | तभी तो जब भी पास जाता वो डर के उड़ते नहीं थे|  दिन में कई दफा बालकनी से ही सट के खड़ा रहता था। उनको निहारता रहता और फिर मुस्कुराता |  वो भी गुटर-गूँ करते रहते। "देखो ज़रा कैसे मुँह खोल रहा है ! और माँ, वो कैसे दाने खिला रही है नन्हे कबूतर को ! कुदरत को जितनी बार क़रीब से देखो उतनी बार हैरानी में डाल देती है।" और ज़िन्दगी ? वो तो जीने के बहाने सीखा ही देती है आपको। 
  
वक़्त कैसे गुज़रता है कभी पता ही नहीं चलता | कहाँ कुछ रोज़ पहले ये मेहमान मेरी बालकनी में आये थे और आज वो नन्हा कबूतर वो भी उड़ने की कोशिश में लगा है। ये  इंसानो की तरह बड़े क्यों नहीं होते ? धीरे-धीरे,सालों में ? 

महीना होने को चला है। नन्हा कबूतर उड़ने लगा है | कल जितना उड़ा था उससे कुछ ज़्यादा उड़ा है | शायद एक या दो दिन में ये अच्छे से उड़ने लगेगा और फिर ...कहने को जी नहीं चाहता पर शायद तब ये उड़ जायेंगे ? ये सूनापन मुझे फिर से घेर लेगा। बीते कुछ रोज़ में ये मेहमान कुछ कम वक़्त क लिए दिखने लगे हैं | पर फिर भी सुबह-शाम इनकी गुटर-गूँ सुन ही लेता हूँ | मै दाना-पानी दिन में दो दफ़ा ज़रूर देखता हूँ। अब शायद यही इनका घर है | शायद अब ये मेहमान मेरे घर का हिस्सा हैं। ये बात मुझे आजकल सबसे ज़्यादा सुकून देती है |

कुछ रोज़ और गुज़र चुके हैं इनके साथ। पर...आज इतनी ख़ामोशी क्यों है ! बालकनी में इतना सूनापन ! सोचते हुए धड़कने कुछ तेज़ हो गयी हैं। सोचा देखूँ ज़रा। देखा तो बालकनी में कुछ दाने बिखरे पड़े थे और बर्तन से पानी सूख चूका था | खुले आसमान को देखा तो परिंदे उड़ रहे थे। दूर बहुत दूर ! इतना दूर की कुछ ही पलों में मेरी आँखों से ओझल हो गए और पीछे छोड़ गए वही सूनापन। 

- मनीष विश्वास 

Comments

Popular posts from this blog

कोरोना के लक्षण दिखाई दें तो क्या करें? What to do if you have symptoms of corona virus (In Hindi)?

Corona के लक्षण पहचानिये:  कोरोना के मरीज़ों में अलग-अलग तरह के लक्षण दिखाई दे सकते हैं - हल्के लक्षणों से लेकर गंभीर बीमारी तक। वायरस के संपर्क में आने के 2-14 दिन बाद तक लक्षण दिखाई दे सकते हैं। अगर ये लक्षण दिखाई दें तो कोरोना हो सकता है: • बुखार या ठंड लगना • सूखी खांसी • सांस लेने में कठिनाई • थकान व मांसपेशियों या शरीर में दर्द • सरदर्द • स्वाद या गंध महसूस न कर पाना • गले में ख़राश • सीने में कसावट या बहती नाक • उलटी अथवा मितली • दस्त हालाँकि इस सूची में सभी संभावित लक्षण शामिल नहीं हैं। नए लक्षण मिलने पर सम्बंधित सरकारी विभाग इस सूची को update करते जा रहे हैं। अस्वस्थ महसूस करने पर क्या करें ? १. सबसे पहले अपने डॉक्टर से अपने लक्षणों के बारे में बात करें और अगर डॉक्टर सलाह दे तो तुरंत कोरोना जाँच कराएं। २. चिकित्सकीय परामर्श लेने के अलावा किसी भी काम से घर से बाहर न निकलें। ३. कोरोना से संक्रमित अधिकांश लोगों को हल्की बीमारी होती है और वे बिना चिकित्सा देखभाल के घर पर ठीक हो सकते हैं। अगर मामूली तौर पर बीमार हैं तो घर ...

जीवन शैली में छोटे बदलावों के बड़े और सकारात्मक प्रभाव (Positive effects of few small changes in our lifestyle)

हमारा आशियाना , जहां हम रहते हैं अपने अपनों के साथ , दिन भर के काम की थकान के बाद जहाँ आकर हमें सबसे ज़्यादा सुकून मिलता है , जहां पर बिताया हर पल हमारे मन के खली बक्से को खूबसूरत यादों से भर देता है , जिसमे रहने वालों से होता है हमें सबसे ज़्यादा प्यार और जिससे दूर रहने पर रहते हैं हम हर दम बेक़रार। ऐसे आशियाने को हम किसी की नज़र नहीं लगने देता चाहते और चाहते हैं कि हमारा आशियाना हमेशा खुशयों से भरा रहे और इसके लिए हमें सिर्फ इतना सुनिश्चित करना है कि हमारे आशियाने में रहने वाला हर एक सदस्य प्रसन्नचित्त रहे , स्वस्थ रहे। अगर सभी सदस्य healthy & happy होंगे तो हमारे घर का माहौल तो खुद-ब-खुद  खुशनुमा हो जायेगा। इसके लिए हमें अपने जीवन में कुछ बदलाव लाने होंगे। आइये, ऐसे ही कुछ छोटे-छोटे बदलावों के बारे में बात करते हैं जो देखने-सुनने में शायद छोटे लगें पर हमारे जीवन पर बहुत बड़े और सकारात्मक प्रभाव डालते हैं।   दिन की शुरुआत :  सकारात्मक बदलावों के बारे में चर्चा की शुरुआत करते हैं दिन के दिन के पहले काम यानि कि सुबह उठने से। एक दिन में सिर्फ २४ घंटे ही ...

मैं और मेरी अंग्रेजी

मैं और मेरी तन्हाई अक़्सर ये बातें करते हैं कि तुम होतीं तो ऐसा होता, तुम होतीं तो वैसा होता।  लता जी और अमिताभ जी की आवाज़ में गाये हुए एक मशहूर गीत की पंक्तियाँ हैं ये। कुछ दिनों पहले ये पंक्तियाँ मेरे कानों में पड़ीं तो अनायास ही इन पंक्तियों के भावार्थ ने मेरा वो अतीत याद दिला दिया जब मैं हिंदी माध्यम का मेधावी छात्र हुआ करता था (कृपा करके इस बात की पुष्टि के लिए मेरे विद्यालय न जाएँ) और ऊपर से हिंदी भाषा का कट्टर समर्थक पर अंदर ही अंदर अंग्रेजी बोलने और सीखने की इच्छा से ओत-प्रोत। उस समय मैं और मेरी तन्हाई अक़्सर ये बातें करते थे कि काश मैं भी कॉन्वेंट में पढ़ा होता; काश मैं भी फर्राटेदार अंग्रेजी बोल सकता; मैं भी ईंट का जवाब पत्थर से न सही पर अंग्रेजी का जवाब अंग्रेजी में तो दे पता। काश जब भी मुझे अंग्रेजी बोलना होता तो मुझे On लगेगा या Over, So लगाऊँ या Therefore; have been क्यों had been क्यों नहीं जैसे यक्ष प्रश्नों से गुज़रना न पड़ता पर वास्तव में मैं ये बात तन्हाइयों से ही कर पाता था क्योंकि मेरी सुनने वाला और था ही कौन? अपने क्लास में शायद सभी अंधे थे ...