आपके dream job तक पहुँचने के रास्ते में आखिरी पड़ाव होता है साक्षात्कार (Interview)। Interview में सफल होते ही आप अगले और अंतिम पड़ाव 'नौकरी' तक पहुँच जाते हैं, जिसका सपना करियर के लिए समर्पित हर युवा देखता है। जो लोग वर्तमान में निजी या सरकारी किसी भी क्षेत्र में कार्यरत हैं, लगभग वे सभी interview से होकर गुज़रे हैं। Interview प्रतियोगी परीक्षाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा तो है ही साथ ही निजी क्षेत्र (private sector) की अधिकतर नौकरियों में केवल interview ही candidate के मूल्यांकन (evaluation) का माध्यम होता है।

कई अभ्यर्थी अपने क्षेत्र की अच्छी जानकारी रखने और लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण होने के बाद भी interview में सफलता प्राप्त नहीं कर पाते हैं। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं, जैसे interview प्रक्रिया को ठीक से न समझना, अपने प्रदर्शन को लेकर घबराहट, आत्म-विश्वास की कमी इत्यादि। Interview चयन प्रक्रिया का एक बहुत ही महत्त्वपूर्ण हिस्सा है जिसमें आपकी योग्यता कई पैमानों पर परखी जाती है, जैसे आपका व्यक्तित्व, आपमें कितना आत्मविश्वास है, आप कठिन परिस्थितियों से कैसे निपटते हैं, आपको अपने क्षेत्र/विषय का कितना गहरा ज्ञान है इत्यादि।
Interview से घबराने के बजाय अगर आप ईमानदारी से तैयारी करें और कुछ महत्त्वपूर्ण बिंदुओं पर ध्यान दें तो आप interview में सफलता प्राप्त करते के रास्ते को आसान बना सकते हैं। Interview से पहले की तैयारी कुछ ऐसे करें...
प्रभावशाली Resume बनाएं : Resume आपकी योग्यताओं का संक्षिप्त विवरण होता है जिसमें आपकी शैक्षिक योग्यता, कार्य का अनुभव, व्यक्तिगत जानकारी, विशेष योग्यता आदि का विवरण होना चाहिए। एक बेहतर व प्रभावशाली resume आपको interview में सफलता दिलाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है। Interview में प्रस्तुत करने के लिए एक प्रभावशाली resume तैयार करें क्योंकि interviewers आपसे बात-चीत शुरू करने से पहले आपके resume से ही आपके बारे में जानकारी प्राप्त करते हैं। सोचिये, कितना अच्छा हो अगर यह जानकारी उन्हें सुव्यवस्थित रूप से एक साफ़-सुथरे दस्तावेज़ में मिल जाये, आपका आधा काम तो आसान हो गया समझिये।
विषय और क्षेत्र का ज्ञान (Subject and industry knowledge): अपने विषय ज्ञान से आप interview panel को प्रभावित कर सकते हैं। आपने जिस रोजगार क्षेत्र व पद के लिए आवेदन किया है उसके विषय में जितना संभव हो सके पढ़ें और पूरी जानकारी हासिल करें। Interview में आपके क्षेत्र/विषय से सम्बंधित सबसे अधिक प्रश्न पूछे जाते हैं। इन प्रश्नों के सटीक जवाब आपकी सफलता सुनिश्चित करेंगे।
उदाहरण स्वरुप अगर आपने किसी बैंक में नौकरी के लिए आवेदन किया है तो आप बैंकिंग के विषय में अधिक से अधिक जानकारी हासिल करें। बैंकिंग क्षेत्र में सरकार की नीतियों, बैंकों के समक्ष चुनौतियों व उनके समाधान आदि के विषय में पढ़ें।
सामान्य प्रश्नों की तैयारी (Prepare for common interview questions): कुछ ऐसे प्रश्न होते हैं जो सामान्यतः हर इंटरव्यू में पूछे जाते हैं या जिनके पूछे जाने की सम्भावना अधिक होती है। जैसे-
- अपने बारे में कुछ बताइये।
- आपको इस रिक्ति (vacancy) के बारे में जानकारी कैसे मिली ?
- इस पद के लिए आपका ही चयन क्यों किया जाये ?
- आपकी सबसे बड़ी कमज़ोरी (weakness) क्या है ?
- आपकी सबसे बड़ी ताक़त (strength) क्या है ?
- आप कितने वेतन की उम्मीद करते हैं ?
- क्या आप कुछ और जानना चाहते हैं ?
ऐसे प्रश्नो के उत्तर देने का अभ्यास पहले ही कर लें जिससे कि आप interview के दौरान बिना अटके इन प्रश्नो का संतोष-जनक उत्तर दे सकें।
जाँच-सूची (Check-List) बनाएं: Interview के लिए ज़रूरी सामान और दस्तावेज़ों जैसे- Interview Call Letter, Resume, Certificates, Photographs, Pen, Note-Pad आदि की एक सूची तैयार कर लें और घर से निकलने से पहले एक बार इस सूची से मिलान करें कि आप कोई ज़रूरी दस्तावेज़ या सामान साथ ले जाना भूल तो नहीं रहे।
वेश-भूषा (Attire): Interview के लिए हमेशा ऐसे formal कपड़ों का चुनाव करें जिन्हें पहनकर आप स्वयं आत्मविश्वास महसूस करते हों। ज़रूरत से ज़्यादा ढीले या कसे हुए कपड़े बिलकुल भी न पहनें, अपने size के अनुसार ही शालीन वेश-भूषा का चुनाव करें। कोशिश करें कि interview के दिन बिलकुल नए ख़रीदे हुए कपड़े न पहनें, इनमें आपको असहज महसूस हो सकता है जो आपके interview में प्रदर्शन को प्रभावित कर सकता है। इन कपड़ों को interview से एक दिन पहले ही धो कर/स्त्री कर व्यस्थित कर लें। हाथ में घड़ी बाँधना भी एक अच्छा विकल्प है, इससे समय देखने के लिए बार-बार आपको मोबाइल की ज़रूरत नहीं होगी और आप interview से पहले प्रतीक्षा करते समय पर लगातार नज़र भी रख पाएंगे।
समय का ध्यान रखें (Time Management): Interview के लिए निर्धारित समय से कम से कम आधे घंटे पहले पहुँचें। ऐसा करके आप अंतिम समय में होने वाली भाग-दौड़ से बचेंगे और interview स्थल के माहौल में खुद को ढाल कर nervous महसूस करने से भी बच सकेंगे। निर्धारित समय से देरी से पहुँचने की ग़लती भूल कर भी न करें, देरी से पहुँचना आपके interview परिणाम को नकारात्मक रूप से प्रभावित कर सकता है।
अभ्यास-अभ्यास-अभ्यास (Practice): अभ्यास ही interview में आपके आत्मविश्वास की कुंजी है। जितना आप बोलने का अभ्यास करेंगे उतनी ही सहजता और आत्मविश्वास के साथ आप interview में प्रश्नों का सामना कर पाएंगे। अपने किसी मित्र या परिवार के सदस्य को अपने interview की तैयारी में अपना साथी बनाएं और अभ्यास करें। अगर आप अकेले हैं तो शीशे के सामने खड़े होकर बोलने का अभ्यास करें।
अगर आप इन Tips को ध्यान में रखते हुए interview की तैयारी करते हैं तो आपकी सफलता की राह आसान होने से कोई नहीं रोक सकता। अगर आप interview की तैयारी से सम्बंधित और भी प्रश्न पूछना चाहते हैं तो comment box में लिखें।
~ प्रणव सक्सेना



Comments
Post a Comment